- मामला भगतसिंह नगर में कैलिया बाईपास से सलमा किन्नर के मकान तक बनाई गई डामरीकृत सड़क का
कोंच। गत वर्ष कस्बे के कैलिया बाईपास से हरदौल मंदिर होकर किन्नर सलमा के मकान तक बनाई गई डामरीकृत सड़क जांच के दौरान निहायत ही बोगस और घटिया किस्म की निकलने पर नाराज डीएम ने सड़क बनाने वाले ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के कड़े निर्देश नगरपालिका ईओ मोनिका उमराव को दिए हैं। शनिवार को ब्लॉक कार्यालय में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान पालिका के कतिपय सभासदों ने इस सड़क की गुणवत्ता और मानकों पर सवाल खड़े करते हुए डीएम राजेश कुमार पांडे से शिकायत की थी जिस पर डीएम ने खुद पूरे अमले झमले के साथ मौके पर जाकर सड़क की जांच की थी। गत वर्ष नगरपालिका द्वारा कैलिया बाईपास से भगतसिंह नगर में सलमा किन्नर के मकान तक डामरीकृत सड़क का निर्माण कराया था। 450 मीटर लंबी और 3.75 मीटर चौड़ी इस सड़क को राजवंश ट्रेडर्स नामक संस्था ने डाला था जिस पर 32.44 लाख की लागत आई थी। जब इसका निर्माण हो रहा था तभी इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए थे कि इसमें मानकों की जबर्दस्त अनदेखी की जा रही है। एस्टीमेट के मुताबिक काम नहीं किए जाने की कई बार शिकायतें हुईं, यहां तक कि पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने भी गुणवत्तापूर्ण सड़क बनाने के लिए कहा और पालिका की ओर से कई नोटिस भी दिए गए लेकिन ठेकेदार द्वारा मनमाने तरीके से सड़क डाल कर काम खत्म कर दिया गया। शनिवार को सभासद रविकांत कुशवाहा, नंदिनी कुशवाहा, शादाब अंसारी और विनोद सोनी ने संपूर्ण समाधान दिवस में एक बार फिर इसकी शिकायत की जिस पर डीएम राजेश कुमार पांडे ने मौके पर जाकर न सिर्फ सड़क का अवलोकन किया अपितु दो जगह सड़क खुदवाकर देखी जिसमें यह बात खुल कर सामने आ गई कि सड़क निर्माण में लीपापोती की गई। डीएम ने पालिका ईओ मोनिका उमराव को निर्देश दिए कि ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई करें। चूंकि डीएम को बताया गया कि सड़क निर्माण को लेकर ठेकेदार को कोई रनिंग पेमेंट नहीं किया गया जिस पर डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में क्षति का आकलन करें। डीएम ने यह भी कहा कि निर्माण बहुत ही घटिया है लिहाजा सड़क को दोबारा से बनवाना पड़ेगा। इस दौरान पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, एसडीएम ज्योति सिंह, सीओ परमेश्वर प्रसाद, ईओ मोनिका उमराव, एई पीडब्ल्यूडी नंदकिशोर, जेई दीपेंद्र, सभासद रविकांत कुशवाहा, शादाब अंसारी, बादाम सिंह कुशवाहा आदि रहे।




