जालौन के डकोर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली 30 वर्षीय पुष्पा देवी के लापता होने के बाद उनका शव 7 जून को उत्तराखंड के नैनीताल के भीमताल क्षेत्र में झील किनारे अर्द्धनग्न अवस्था में मिला। परिजनों की पहचान के बाद शव पुष्पा देवी का निकला। जिसकी गुमशुदगी जालौन कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। फिलहाल पुलिस हत्या और प्रेम प्रसंग दोनों पहलुओं पर जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, पुष्पा देवी पत्नी ऋषि तिवारी, 27 मई को अपने पति के साथ मायके जालौन के चुर्खी रोड स्थित गंगाधाम के पास आई थीं। पति ऋषि तिवारी उसे मायके छोड़कर डकोर लौट गया। रात में जब उसने पुष्पा को फोन किया तो संपर्क नहीं हो पाया। 28 मई को वह दोबारा ससुराल पहुंचा और पुष्पा के बारे में ससुर रामकुमार गोस्वामी और सास निर्मला देवी से जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि पुष्पा रात से ही लापता है।

एक महिला का अर्द्धनग्न शव मिलने की सूचना मिली
परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर जालौन कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इस बीच 7 जून को उत्तराखंड के हल्द्वानी थाना क्षेत्र अंतर्गत भीमताल शहर में झील किनारे एक महिला का अर्द्धनग्न शव मिलने की सूचना मिली। उत्तराखंड पुलिस ने शव की तस्वीरें आसपास के जिलों में भेजी। जिसके बाद जालौन पुलिस को इसकी जानकारी हुई।





