जालौन जिले के बकलैक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने दिवंगत होमगार्ड स्वर्गीय पर्वत सिंह के पुत्र नीरज सिंह को ₹30 लाख की दुर्घटना बीमा सहायता राशि का चेक प्रदान किया। यह राशि एक्सिस बैंक, शाखा कोंच द्वारा बीमा योजना के तहत जारी की गई।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने नीरज को चेक सौंपते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है।
स्वर्गीय पर्वत सिंह, होमगार्ड्स कम्पनी कोंच नगर में तैनात थे, जिनकी 15 जनवरी 2025 को अपने निवास स्थान पर आग तापने के दौरान झुलसने से दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गई थी। वह एक्सिस बैंक के खाताधारक थे, जिसके तहत उन्हें यह बीमा लाभ मिला।
इस अवसर पर जिला कमाण्डेन्ट होमगार्ड्स राजेश कुमार सिंह, एक्सिस बैंक के क्लस्टर हेड पंकज त्यागी, शाखा प्रबंधक सुशील तिवारी, प्रतिनिधि अब्दुल मुहीम, होमगार्ड्स एडीसी राकेश कुमार सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सभी ने दिवंगत पर्वत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार को ढांढस बंधाया। बैंक और प्रशासन की इस पहल को सामाजिक सरोकार की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।





