- मामला मुरलीवाला की दुकान से पचास लाख की साड़ियां उड़ाने का
कोंच। कस्बे के जवाहर नगर स्थित मुरली वाला साड़ी सेंटर के गोदाम से करीब पचास लाख की साड़ियां उड़ाने के मामले में 78 दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस पर चोरी का खुलासा नहीं कर पाने का आरोप लगाते हुए व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही मामले का खुलासा नहीं किया गया तो व्यापार मंडल अनशन के लिए बाध्य होगा। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल कोंच के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल ने मंगलवार को मुरली वाला के प्रतिष्ठान पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने बताया कि मुरली वाला साड़ी प्रतिष्ठान के मालिक विजय कुमार गुप्ता को 21 मार्च को ज्ञात हुआ कि उनकी दुकान पर काम करने वाले दो कर्मचारियों प्रवीण कुमार व विपिन कुमार ने विगत एक वर्ष के दौरान लगभग रोज ही साड़ियां चुराईं और करीब पचास लाख का माल चोरी किया है। इस मामले की रिपोर्ट भी कोतवाली पुलिस ने 31 मार्च 2025 को दर्ज कर ली थी लेकिन आरोपियों को पकड़ने की जेहमत नहीं उठाई। नतीजा यह हुआ कि एक आरोपी हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक का स्थगन आदेश ले आया। पुलिस ने उस आरोपी को न तो पूछताछ के लिए बुलाया और न ही दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी करने का कोई प्रयास किया। व्यापार मंडल का तो यहां तक आरोप है कि पुलिस उल्टे दुकानदार पर ही दबाव बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि जल्द ही चोरी का खुलासा कर माल बरामद न किया गया तो व्यापार मंडल अनशन के लिए बाध्य होगा। इस दौरान व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष प्रभंजन गर्ग, नगर संरक्षक अवधेश सिंह ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र अग्रवाल सोनू, मुरली वाला के मालिक विजय कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।
फोटो कोंच2-पत्रकारों से बातचीत करते व्यापार मंडल के लोगअगर चोरी का जल्द खुलासा न हुआ तो अनशन करेगा व्यापार मंडल




