आसमानी बिजली ने जमकर बरपाया कहर, लाखों के उपकरण फुंके
कोंच। तेज हवाओं के साथ मंगलवार की शाम शुरू हुई मूसलाधार बारिश के बीच गरजते बादल और तड़तड़ाई आसमानी बिजली ने भी जमकर कहर बरपाया। आकाशीय बिजली का सबसे ज्यादा असर नगर क्षेत्र में देखने को मिला, दर्जनों लोगों के लाखों के बिजली उपकरण फुंक गए, गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। बुधवार की शाम हुई बारिश के साथ कई जगह गिरी आकाशीय बिजली ने नगर के मुहल्ला गोखले नगर और पटेल नगर में खासा नुकसान पहुंचाया है। शाम करीब 7 बजे अचानक से गोखले नगर निवासी सुनील पुत्र संतोष अग्रवाल के घर की छत पर सीढियों की ढबिया पर आकाशीय बिजली गिरी जिससे ढबिया क्षतिग्रस्त हो गई और सुनील के घर में रखे फ्रिज, इन्वर्टर, पंखे, कूलर आदि उपकरण फुंक गए। इसके अलावा आसपास रहने वाले आनंद दुवे, पुरुषोत्तम तरसौलिया, बिहारी ताम्रकार, प्रवीण तरसौलिया, राहुल अग्रवाल, कामेश्वर पाटकार के घरों के तमाम उपकरण और पूर्व पालिकाध्यक्ष शकुंतला तरसौलिया के घर की छत पर लगा सोलर पैनल भी फुंक गया। मोहल्ला पटेल नगर में संजय सोनी महेशपुरा वालों के घर की छत पर आकाशीय बिजली गिरने से एलसीडी, पंखे, स्टेबलाइजर, सीसीटीवी कैमरे का डीबीआर, उनके पड़ोसी अनिल सोनी की एसी, इन्वर्टर व रवि याज्ञिक, चंदगीराम के घरों और दुकानों के तमाम बिजली उपकरण फुंक गए। गनीमत रही कि आकाशीय बिजली गिरने से जनहानि नहीं हुई।




