बारिश से हुए जलभराव के बीच निकलते बाइक सवार
दो घंटे की झमाझम बारिश से बैरोमीटर में गिरा पारा लेकिन बिजली की सेहत बिगड़ी
आठ घंटे के ब्लैक आउट से बुरी तरह बिलबिलाए लोग, चैटिंग ग्रुपों में पूछते रहे कि कब आएगी बत्ती
तमाम इंसुलेटर पंक्चर होने से ग्रामीण क्षेत्रों की सप्लाई चौबीस घंटे बाद भी बहाल नहीं
कोंच। पिछले चार-पांच दिन से भीषण गर्मी का कहर झेल रहे लोगों के लिए मंगलवार शाम हुई धुआंधार बारिश काफी सुकून पहुंचाने वाली रही, लेकिन इससे बिजली की सेहत जरूर बिगड़ गई। तेज हवा के साथ आई बारिश के कारण बिजली के कलपुर्जे गड़बड़ा गए और आठ घंटे के ब्लैक आउट से लोग बुरी तरह बिलबिलाए गए। भोर के ढाई बजे तक लोग चैटिंग ग्रुपों में पूछते रहे कि बत्ती कब आएगी। ढाई बजे के बाद जब बिजली आपूर्ति बहाल हुई तब कहीं जाकर लोग चैन की नींद सो पाए। उधर, तमाम इंसुलेटर पंक्चर होने से ग्रामीण क्षेत्रों की सप्लाई चौबीस घंटे बाद भी बहाल नहीं हो सकी है, कर्मचारी काम में जुटे हैं। पिछले बुधवार को आए आंधी पानी में बिजली व्यवस्था पूरी तरह धड़ाम हो गई थी और पूरे चौदह घंटे बाद लोगों को आपूर्ति मिल सकी थी। इसके बाद एक बार फिर बैरोमीटर में पारा छलांग लगाने को बेताब दिखा और भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया। मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे अचानक आसमान बादलों से घिर गया और फिर तेज गड़गड़ाहट एवं आसमानी बिजली के बीच मूसलाधार बारिश शुरू हो गई जो पूरे दो घंटे चली।

बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मानसून की दस्तक के साथ हुई बारिश में बच्चों ने भी खूब मस्ती की। नाले-नालियां उफना कर रास्तों में जलभराव की स्थिति पैदा करते दिखे। इधर, तेज हवा के साथ आई झमाझम बारिश ने बिजली की सेहत जरूर बिगाड़ कर रख दी। तमाम कलपुर्जे गड़बड़ा गए जिसके चलते 33 केवी बिजली उपकेंद्र ब्रेक डाउन में चला गया। बत्ती गुल होने और बारिश रुकने के बाद लोगों को फिर एक बार उमस भरी गर्मी से पूरे आठ घंटे तक जूझना पड़ा। भोर में करीब ढाई बजे सप्लाई बहाल होने के बाद ही लोग चैन से सो सके। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति ज्यादा खराब नजर आई, क्षेत्र के तमाम गांवों में 24 घंटे बाद भी बुधवार की शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी जिससे घरों में लगे इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गए और ग्रामीणों को अंधेरे में परेशान होना पड़ रहा है, बिजली नहीं आने से पानी की समस्या भी मुंह बाए खड़ी है। विद्युत विभाग के अवर अभियंता अंकित साहनी ने बताया है कि 33केवी बिजली लाइन पर आकाशीय बिजली गिरने से तमाम इंसुलेटर पंचर हो गए हैं। करीब 8 से 10 इंसुलेटर बदले जा चुके हैं और बाकी के चेक किए जा रहे हैं। बुधवार देर शाम तक अधिकांश गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी।




