सला घाट पर बेतवा नदी के तट पर योग क्रियाएं करते लोग

स्वस्थ मन मस्तिष्क के लिए योग जरूरी-एसडीएम

  • 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के तहत सला घाट में बेतवा नदी तट पर कीं योग क्रियाएं

कोंच। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत 15 से 21 जून के बीच मनाए जा रहे योग सप्ताह में बुधवार को आयुष विभाग द्वारा तहसील क्षेत्र के रमणीक स्थल सलाघाट पर बेतवा नदी के किनारे योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें क्षेत्र के तमाम लोगों ने विभिन्न आसन और प्राणायाम के साथ ध्यान योग किया। इस वर्ष तहसील स्तर पर योग दिवस सप्ताह के अंतर्गत योग दिवस का आयोजन किसी ऐतिहासिक स्थल पर किए जाने के लिए शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुपालन में बेतवा नदी किनारे रमणीक स्थल सला घाट को चुना गया। योग दिवस की नोडल अधिकारी/एसडीएम ज्योति सिंह की उपस्थिति में योग प्रशिक्षक एवं पतंजलि योग समिति के जिला संगठन मंत्री योगेश कुलश्रेष्ठ उरई ने लोगों को विभिन्न योग क्रियाएं कराईं। प्रात: 6 बजे से लेकर 7 बजे तक आयोजित योग दिवस की शुरुआत शांति पाठ से की गई, इसके बाद योग प्रशिक्षक ने आसनों में ताड़ासन, भुजंगासन, ग्रीवाचालन, स्कंद चालन, कटी चक्रासन, वृक्षासन, ऊष्ट्रासन, उत्तानमंडूक आसन, मकरासन, श्वसन एवं प्राणायाम में कपालभाती, अनलोम विलोम के साथ ध्यान योग कराया। योग प्रशिक्षक ने लोगों को मानव जीवन में योग के महत्व के बारे में बताते हुए कहा, योग का आयोजन कोई नया नहीं है। आदिकाल से यह सनातनी परंपरा का अहम हिस्सा रहा है। ऋषि मुनियों ने योग को अपनाकर पौरुष शक्ति प्राप्त कर अपने शरीर को निरोगी रखा। एसडीएम ने कहा, स्वस्थ मन मस्तिष्क के लिए ब्रह्ममुहूर्त में योग क्रियाएं करना जरूरी है। भारत में 21 जून को योग दिवस मनाए जाने की शुरुआत 2015 में हुई थी और अब समूचे विश्व में योग दिवस का महत्त्व बढ़ा है। योग दिवस में नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह, एडीओ नरेशचंद्र दुवे, देवेंद्र निरंजन, सचिव वसीम खान, हर्षित गुप्ता, सूरजभान, आयुष विभाग के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सत्येंद्र पटेल, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. ज्योतिचंद्र, डॉ. वीरेंद्र पाल, प्रधान धीरेंद्र यादव सहित गुमावली, छिरावली, सतोह, जखौली के प्रधान  प्रमुख रूप से शामिल रहे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x