मौके पर जाकर शिकायत की प्रकृति देखें फिर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें-डीएम

  • अवैध मिट्टी खनन की शिकायत पर डीडीओ को जांच करने के निर्देश दिए डीएम ने 
  • जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में आईं 42 समस्याएं, 8 का मौके पर निस्तारण 

कोंच। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन शनिवार को खंड विकास कार्यालय के सभागार में किया गया जिसमें जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं। डीएम ने कहा, जो भी समस्याएं हैं उनका समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना सुनिश्चित करें। इसके लिए जरूरी है कि मौके पर जाकर समस्या की प्रकृति देखें, उभय पक्ष से बातचीत करें तभी समस्या का ठीक ढंग से समाधान होगा। उन्होंने कहा कि शिकायतों का ऑफिस में बैठकर निस्तारण के नाम पर खानापूर्ति न करें। निरीक्षण/जांच की स्थलीय फोटो भी अपलोड करें जिसका फीडबैक जिला मुख्यालय से लिया जाएगा। समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें चकरोड और नालियों पर अवैध कब्जे की आईं। इसके अलावा बदहाल बिजली आपूर्ति, व्याप्त गंदगी से लेकर आपसी विवाद से भी जुड़ी कई शिकायतें दर्ज कराई गईं। नगर के धनुताल मैदान में पिछले दिनों अवैध मिट्टी खनन की शिकायत सामने आने पर जिलाधिकारी ने स्थानीय अधिकारियों से इतर डीडीओ को जांच सौंपकर समुचित कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। पीएम आवास योजना के अंतर्गत भरकर जमा किए गए अधिकांश फॉर्मों को जांच के बाद भी डूडा विभाग में तीन माह बीत जाने पर अब तक जमा न किए जाने की शिकायत सामने आने पर जिलाधिकारी ने शीघ्र ही कार्रवाई किए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। पालिका सभासद विनोद सोनी, बादाम कुशवाहा, रविकांत कुशवाहा, लकी द्विवेदी, महेंद्र कुशवाहा आदि ने बेतहाशा पसरे अतिक्रमण, बिजली, पानी, सफाई अव्यवस्था सहित अन्य जनहित से जुड़ी समस्याओं को लेकर अलग अलग शिकायती पत्र दिए। डीएम ने बारिश के मौसम को देखते हुए बिजली विभाग के एसडीओ को निर्देश दिए कि बिजली तार टूटने के नाम पर रोस्टिंग रोकी जाए, अबिलंव बिजली तारों को दुरुस्त किया जाए। जलभराव को लेकर जिलाधिकारी ने नगर पालिका ईओ मोनिका उमराव को निर्देश दिए कि नाले नालियों की साफ सफाई शीघ्र कराई जाए। संचारी रोगों की रोकथाम हेतु उन्होंने साफ सफाई व्यवस्था पर ध्यान देने एवं एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के भी निर्देश दिए। एसपी ने पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों को सुनकर संबंधित थानाध्यक्षों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ निशांत पांडे, सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा, एसडीएम ज्योति सिंह, सीओ परमेश्वर प्रसाद, तहसीलदार गौरव कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला, प्रभागीय वनाधिकारी रमेश प्रसाद, समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण सिंह,  डीपीआरओ अयोध्या प्रसाद, नगर पालिका ईओ मोनिका उमराव, नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह, एसडीओ विद्युत रवींद्र कुमार, कोतवाल विजय कुमार पांडे, एट थानाध्यक्ष लोकेंद्र सिंह, नदीगांव थानाध्यक्ष दिव्यप्रकाश तिवारी, कैलिया थानाध्यक्ष अतुल कुमार राजपूत आदि विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x