- दुकान के बाहर सड़क पर रख कर गर्म दूध बेच रहा था दुकानदार, दूध पीने और लेने गए थे युवक
कोंच। दुकानदार के बाहर सड़क पर भट्टी पर रखी गर्म दूध की कड़ाही पर बाइक गिर गई जिससे गर्म दूध से दो युवक बुरी तरह झुलस गए। तत्काल दोनों को नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। कस्बे के स्टेट बैंक तिराहे पर बेहरे मिष्ठान भंडार पर गर्म दूध बेचने के लिए दुकान के बाहर गैस भट्टी लगा कर दूध की कड़ाही रखी जाती है। मंगलवार की देर शाम करीब 8 बजे भगतसिंह नगर निवासी चांदबाबू (19) अपने फुफेरे भाई शमशाद (16) के साथ बाइक से दुकान पर दूध लेने व पीने गए थे। उन्होंने अपनी बाइक कड़ाई के पास सड़क किनारे खड़ी कर दी और खड़े होकर दूध पीने लगे तभी अचानक बाइक गर्म दूध की कढ़ाई पर गिर गई जिससे दोनों भाई गर्म दूध से बुरी जलकर झुलस गए। आसपास के लोगों ने तत्काल ई-रिक्शा से दोनों को नर्सिंग होम में भर्ती कराया। दुकान के बाहर लोगों की भीड़भाड़ इकट्ठी हो गई। सूचना पर सीओ परमेश्वर प्रसाद, कोतवाल विजय कुमार पांडे, इंस्पेक्टर क्राइम लल्लूराम भारी पुलिस बल के साथ नर्सिंग होम पहुंच गए थे।




