ईंटो। मोहर्रम पर्व को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम अजीतापुर का भ्रमण कर कर्बला स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने गांव में आयोजित जनचौपाल में मौजूद ताजियेदारों व ग्रामवासियों से मुलाकात कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने ताजियेदारों से अपील की कि वे शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि ताजियों की अत्यधिक ऊंचाई और वजन के कारण कई बार दुर्घटनाएं हो जाती हैं, ऐसे में ताजियेदार आपसी संवाद कर भविष्य में ताजियों की ऊंचाई कम करने पर विचार करें। एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने सभी ताजियेदारों से परमीशन लेकर ही जुलूस निकालने और बाजा बजाने की बात कही। उन्होंने स्थानीय समस्याएं भी सुनीं और कुछ का तत्काल समाधान कराया। रूट मार्च के दौरान अधिकारियों के साथ उन्होंने कर्बला का स्थलीय निरीक्षण भी किया। हालांकि इस मौके पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) माधौगढ़ रामसिंह यादव की भूमिका पर सवाल उठे। ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सीओ पहले से मौजूद थे लेकिन वह पुलिस अधीक्षक के आने तक गाड़ी से नीचे नहीं उतरे और न ही जनता से कोई संवाद किया। जब पुलिस अधीक्षक पहुंचे तब वे गाड़ी से उतरकर सभा स्थल पर आए, जिससे लोगों में नाराजगी दिखी। इस अवसर पर थाना अध्यक्ष गोहन सतीश कुमार, ईंटो चौकी इंचार्ज रामवीर सिंह, एसआई राघवेंद्र सिंह सहित पुलिस बल और अनेक ग्रामों के ताजियेदार व गणमान्य लोग जैसे ग्राम प्रधान फारुख खान ग्राम अजीतापुर, हाजी इरफान खान, महताब आलम पूर्व प्रधान, आलमीन लम्बरदार, जहीर खान,लल्लू खान, अफसर हाफीज, उवेश, लडडन खान पूर्व प्रधान, आमीर, सारूख, इन्तजार, चांद मन्सूरी, लाखन मास्टर, अब्दुल्लापुर हमीदपुर रसूलपुर कुतुबपुर रमानीपुर आदि ग्रामों के ताजियेदार सहित ग्रामवासी मौजूद रहे।
मोहर्रम को लेकर पुलिस अधीक्षक का अजीतापुर दौरा, कर्बला का निरीक्षण कर ताजियेदारों से संवाद





