कोंच। गिदवासा में बुआई करने के लिए खेत पर जा रहे किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो जाने की घटना सामने आई है। दूसरी साइड खड़ा उसका नाती बाल-बाल बच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नदीगांव थाना क्षेत्र के गांव गिदवासा निवासी 70 वर्षीय किसान लखन पाल पुत्र पुनू गुरुवार की सुबह खेत में ज्वार फसल की बुबाई करने के लिए घर से खेत पर जा रहा था। इसी दौरान बारिश होने लगी तो लखन पानी से भींगने से खुद को बचाने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली लखन के ऊपर आ गिरी जिससे झुलस कर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय लखन का नाती 20 वर्षीय अंशुल भी साथ में था लेकिन वह दूसरी साइड में खड़ा हुआ था जिससे वह बच गया। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश तिवारी मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से मृतक लखन के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के तीन बेटे और एक बेटी है। मामले को लेकर एसडीएम ज्योति सिंह का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही संबंधित लेखपाल को मौके पर भेजकर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के उन्होंने निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट उपरांत शासन द्वारा अनुमन्य सहायता राशि मृतक के परिजनों को दिलाई जाएगी
खेत पर जा रहे किसान की आकाशीय बिजली से मौत, बाल-बाल बचा नाती




