कोंच। मारपीट कर छत से नीचे फेंक देने की घटना में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से परेशान महिला ने सीओ से शिकायत की है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दिरावटी निवासी रामकली पत्नी वीरेंद्र कुमार ने गुरुवार को सीओ परमेश्वर प्रसाद को शिकायती पत्र देकर बताया कि 18 जून की रात करीब 9:30 बजे गांव के ही एक दबंग युवक ने उसके पति से शराब पीने के लिए रुपयों की मांग की। नहीं देने पर युवक ने पति के साथ गाली गलौज कर लात घूसों से बुरी तरह से मारपीट की। जान बचाने के लिए पति घर के अंदर भागा तो युवक ने छत के रास्ते घर में घुसकर लोहे की किसी नुकीली चीज से हमला कर पति को गंभीर रूप से घायल कर दिया और फिर छत से पड़ोसी के घर में नीचे फेंक दिया जिससे पति के कंधे में फ्रैक्चर हो गया साथ ही शरीर में काफी चोटें आईं। चीख पुकार सुनकर मौके पर पड़ोसियों को आता देख युवक जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया था। उसने पति को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया। घटना की सूचना उसने तत्काल बाद ही यूपी 112 पीआरबी को दी थी और लिखित शिकायत भी कोतवाली पुलिस से की लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। महिला ने सीओ से घटना को लेकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
मारपीट कर घायल करने में सीओ से की शिकायत




