कोंच। आधार कार्ड बनवाने गए युवा दंपत्ति के लापता हो जाने की घटना सामने आई है। दो दिन से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी उनका अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। परेशान परिजनों ने पुलिस से कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भदारी निवासी हरिहर शरण ने मंगलवार को पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसका पुत्र आलोक पटेल (26) एवं पुत्रवधू प्रिंसी (20) 29 जून की सुबह 11 बजे कोंच स्थित डाकघर में आधार कार्ड बनवाने के लिए बाइक लेकर घर से निकले थे। उसी दिन दोपहर 1:30 बजे उसने बेटे को फोन किया तो बेटे ने डाकघर में लाइन में लगे होने की बात कही। शाम तक जब बेटा और बहू घर नहीं लौटे और बेटे का मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा तो उसने खोजबीन की लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी दोनों का अब तक कहीं कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, गुमशुदगी दर्ज कर लापता दंपत्ति की खोज की जा रही है।




