उरई (जालौन)। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा बैठक में बैंकों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी बैंकों को आगामी तीन दिनों में योजना के तहत लंबित सभी आवेदनों का निस्तारण करना होगा। जिलाधिकारी ने भारतीय स्टेट बैंक एवं पंजाब नेशनल बैंक की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। पंजाब नेशनल बैंक को भेजे गए 72 आवेदनों में केवल 17 स्वीकृत और 7 का वितरण हुआ, वहीं भारतीय स्टेट बैंक को भेजे गए 216 में से 31 स्वीकृत और 23 का वितरण किया गया। इंडियन बैंक में 303 आवेदनों में से 63 स्वीकृत व 50 वितरित, जबकि ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त को भेजे गए 221 आवेदनों में 81 स्वीकृत व 65 का वितरण किया गया। उन्होंने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि लंबित आवेदनों को प्राथमिकता से निस्तारित करें। उपायुक्त उद्योग प्रभात यादव को अस्वीकृत आवेदनों की पुनः समीक्षा कर बैंकों को पुनः भेजने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीडीओ केके सिंह, उपायुक्त उधोग प्रभात यादव, एलडीएम अनुराग सक्सेना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम युवा उद्यमी योजना की समीक्षा: डीएम ने बैंकों को दिए तीन दिन में निस्तारण के निर्देश





