नदीगांव सीएचसी में पीएम जन औषधि केंद्र का उद्घाटन किया विधायक ने 

  • सीएचसी का निरीक्षण किया, परिसर में रोपा नीबू का पौधा 

कोंच। विधायक मूलचंद्र निरंजन ने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्र की जनता के स्वास्थ्य के प्रति केंद्र व प्रदेश सरकार गंभीर है। भाजपा सरकारों द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में कई जन कल्याणकारी योजनाएं और कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं जिनमें पीएम जन औषधि केंद्रों का संचालन भी शामिल है। यह बात उन्होंने बुधवार को नदीगांव में जन औषधि केंद्र का उद्घाटन करते हुए कही।

तहसील के कस्बा नदीगांव में स्थित सीएचसी परिसर में खोले गए जन औषधि केंद्र का उद्घाटन मंत्रोच्चार के बीच विधायक मूलचंद्र निरंजन ने फीता काटकर किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा, देश व प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं बेहतर कर लोगों को सस्ती और अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भाजपा सरकार द्वारा प्रत्येक सीएचसी केंद्र पर जन औषधि केंद्र खोला जा रहा है जिसका लाभ गरीब जनता के साथ ही आम लोगों को मिल सकेगा। इस दौरान विधायक ने सीएचसी का भी निरीक्षण कर साफ सफाई, पेयजल, बिजली व्यवस्था से लेकर उपलब्ध मशीनों एवं दवाओं की जानकारी ली। विधायक ने परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नीबू का पौधा रोप कर वृक्षारोपण के प्रति जागरूक भी किया। इससे पहले सीएचसी प्रभारी डॉ. विनोद कुमार सहित स्टाफ के लोगों ने पुष्पगुच्छ देकर विधायक का स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष जगभान सिंह, प्रदीप उपाध्याय, दशरथ रत्नाकर, रामचंद्र दीक्षित, शिवम राजावत, पहलवान कुशवाहा, डॉ एसके शर्मा, संतोष सोनी, गौरी चबोर, शुभम मिश्रा, विकास पटेल, बाबूराम पाल, अमित कुशवाहा, प्रमोद कुशवाहा, महेंद्र पाल गुर्जर, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. मोहिनी गुप्ता, डॉ. अनुज पटेल आदि मौजूद रहे। सीएचसी प्रभारी ने बताया कि जन औषधि केंद्र से बीपी, डायबिटीज जैसी बीमारियों सहित अन्य रोगों से संबंधित बेहतर दवाएं बेहद न्यूनतम मूल्य पर खरीदी जा सकती हैं। उनका कहना है कि सीएचसी में जो दवाएं उपलब्ध नहीं भी हैं, ऐसी दवाएं जन औषधि केंद्र से खरीद सकते हैं।

इंसेट में- 

स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग की सीएचसी अधीक्षक ने 

कोंच। जन औषधि केंद्र का उद्घाटन करने नदीगांव पहुंचे विधायक मूलचंद्र निरंजन से अस्पताल अधीक्षक ने स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग कर डाली। लिखित रूप से पत्र देकर डॉ विनोद कुमार ने कहा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नदीगांव के परिसर में एपेक्स एरिया के विस्तारीकरण की जरूरत है। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में बने नव निर्मित भवन जिसमें पैथोलॉजी लैब को स्थानांतरित किया जाना है, में ताप संवेदी मशीनों के संचालन के लिए दो एअर कंडीशनर्स की भी आवश्यकता है। आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए समुचित कदम उठाए जाने की उन्होंने मांग की।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x