- चंदकुंआ चौराहे से उठा अलम का जुलूस, पावर हाउस पर लगा मेला
कोंच। सातवीं मोहर्रम पर गुरुवार को नगर में अलम का जुलूस निकाला गया। दोपहर बाद अकीदतमंद झंडा पताका के साथ हुसैन को याद करते हुए पावर हाउस पर जुटे जहां अलम जुलूस मेले में तब्दील हो गया। युवाओं ने अखाड़े खेलकर करामाती करतब दिखाए।
गुरुवार को मोहर्रम की सातवीं तारीख पर सुबह से ही इमाम चौकों पर फातिहा का सिलसिला शुरू हो गया था। इस मौके पर फातिहा पढ़कर इमाम हुसैन को बड़े अदब के साथ याद किया गया। नगर के चंदकुआं चौराहे पर सातवीं जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। युवा हाथों में हुसैन साहब निशान के झंडे लेकर उन्हें लहरा रहे थे और जुलूस के रास्ते ढोल नगाड़े बजाते हुए चल रहे थे। जुलूस में जलपान के इंतजाम भी किए गए थे। जुलूस बाजार होता हुआ आराजीलेन पहुंचा जिसके बाद आजाद नगर से होकर पावर हाउस तक गया और फिर वापस लौटा। बच्चों की चहलकदमी रास्ते भर रही। युवा एवं बुजुर्ग हुसैन की वीरता को याद करते रहे। सीओ परमेश्वर प्रसाद और कोतवाल विजय कुमार पांडे की अगुवाई में पुलिस बल जुलूस में मुस्तैद रहा।




